आज के मुख्य समाचार

20-Apr-2024 12:37:22 am
Posted Date

लोकसभा चुनाव 2024 : देश की 102 सीटों पर छिटपुट घटनाओं को छोड़ शांतिपूर्ण रहा मतदान

नई दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में 102 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। 102 सीटों पर 1625 उम्मीदवार मैदान में थे। छिटपुट घटनाओं को छोडक़र सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण रहा। मणिपुर व पश्चिमी बंगाल में हिंसा की खबर है। राजस्थान में कुछ जगह मारपीट व धमकी देने की घटनाएं सामने आई हैं। पहला चरण देश के 102 लोकसभा सीटों में संपन्न हो गया। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो देश के 21 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेश में मतदान शांतिपूर्ण रहा।
शुक्रवार को जिन केंद्रीय मंत्रियों के भाग्य का फैसला वोटिंग मशीन में बंद हुआ उनमें नागपुर से नितिन गडकरी, डिब्रूगढ़ से सर्बानंद सोनोवाल, अरुणाचल पश्चिम से किरण रिजिजू, उधमपुर से जितेंद्र सिंह, अलवर से भूपेंद्र यादव, बीकानेर से अर्जुन राम मेघवाल व तमिलनाडु के नीलगिरी से एल मुरुगन शामिल रहे।
चुनाव आयोग के मुताबिक पहले चरण के मतदान के लिए देश भर में 1.87 लाख मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन मतदान केद्रों पर कुल 16.63 करोड़ से अधिक मतदाता थे।
शराब, नशीले पदार्थों, नकदी आदि की अवैध खेप पर नजर रखने के लिए 1,374 अंतरराज्यीय और 162 अंतरराष्ट्रीय सीमा चौकियों पर निगरानी रखी गई। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सडक़ मार्ग और सीमाओं के अलावा समुद्री और हवाई मार्ग पर भी कड़ी निगरानी रखी गई।
वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई और शाम 6 बजे खत्म हुई। (मतदान समाप्ति का समय कुछ स्थान पर भिन्न था)। इन 102 सीटों पर 16.63 करोड़ से अधिक मतदाताओं में 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 थर्ड जेंडर थे।
35.67 लाख मतदाता ऐसे थे, जिनके पास अपने मताधिकार का प्रयोग करने का यह पहला अवसर था। इसके अतिरिक्त, 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा मतदाता व 85 वर्ष से अधिक आयु के 14.14 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता थे। 13.89 लाख विकलांग व्यक्ति (पीडब्ल्यूडी) भी इस चुनाव में मतदाता रहे। इन्हें घर से ही मतदान करने का विकल्प प्रदान किया गया था। मतदान और सुरक्षा कर्मियों को लाने-ले जाने के लिए 41 हेलीकॉप्टर, 84 विशेष ट्रेनें और लगभग 1 लाख वाहन तैनात किए गए थे।
सभी मतदान केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती के साथ 50 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की गई।
चुनाव आयोग ने कुल 4,627 उडऩ दस्ते, 5,208 सांख्यिकी निगरानी दल, 2,028 वीडियो निगरानी दल और 1,255 वीडियो देखने वाली टीमें तैनात की थी।
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में जिन महत्वपूर्ण सीटों पर चुनाव हुआ उनमें नागपुर, कन्याकुमारी, चेन्नई सेंट्रल, मुज्जफनगर, सहारनपुर, कैराना, पीलीभीत, डिब्रूगढ़, जोरहाट, जयपुर, छिंदवाड़ा, जमुई, बस्तर, नैनीताल व लक्षद्वीप शामिल रहे।
पहले चरण के मुख्य चेहरों में उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से जितिन प्रसाद, तमिलनाडु से कार्ति चिदंबरम, तमिलनाडु के कोयंबटूर से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई, चेन्नई सेंट्रल से दयानिधि मारन व छिंदवाड़ा से नकुलनाथ भी शामिल थे।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने 18 लाख से अधिक मतदान अधिकारियों की तैनाती की थी।
 


लोकसभा चुनाव 2024: देश की 102 सीटों पर कुल 59.71% मतदान दर्ज
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव का पहला चरण शुक्रवार को संपन्न हो गया। पहले चरण में 102 सीटों पर मतदान हुआ। देश की 102 सीटों पर 59.71% मतदान दर्ज किया गया है। राजस्थान में 50.27% मतदान दर्ज किया गया है। वही अंडमान &निकोबार में 56.87%,अरुणाचल प्रदेश में 63.27% ,असम में 70.77 महाराष्ट्र में 54.85%, मणिपुर में 67.46% , मेघालय में 69.91%, मिजोरम में 52.62%, नागालैंड में 55.75%, पांडुचेरी में 72.84%, सिक्किम में 67.58%, तमिलनाडु में 62.02%,त्रिपुरा- 76.10%, उत्तर प्रदेश में 57.54%,उत्तराखंड में 53.56%,पश्चिम बंगाल में 77.37% मतदान हुआ।
इन 102 सीटों पर कुल 1,625 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।
 

सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल और सबसे कम बिहार में मतदान
नई दिल्ली। लोकतंत्र के सबसे बड़े महापर्व लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शुक्रवार की शाम संपन्न हो गया। शाम 5 बजे तक के मतदान के आंकड़े की बात करें तो सबसे ज्यादा मतदाताओं ने पश्चिम बंगाल में मतदान किया है। इस मामले में बिहार सभी राज्यों और संघ शासित प्रदेशों से पिछड़ गया है।
पश्चिम बंगाल में शाम 5 बजे तक सबसे अधिक 77.57 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला। वहीं, बिहार में सबसे कम सिर्फ 46.32 प्रतिशत मतदाताओं ने ही शाम 5 बजे तक वोट डाला है।
अन्य राज्यों के मतदान प्रतिशत की बात करें तो त्रिपुरा में 76.10, असम में 70.77, पुडुचेरी में 72.84, मेघालय में 69.91, मणिपुर में 68.62, सिक्किम में 68.06, जम्मू कश्मीर में 65.08, अरुणाचल प्रदेश में 63.97, छत्तीसगढ़ में 63.41, लक्षद्वीप में 59.02, अंडमान एवं निकोबार द्वीप में 56.87, नागालैंड में 55.02, उत्तराखंड में 53.56 और मिजोरम में 53.03 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बड़े राज्यों की बात करें तो शाम 5 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 57.54, तमिलनाडु में 62.08, मध्य प्रदेश में 63.25, महाराष्ट्र में 54.85 और राजस्थान में 50.27 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

Share On WhatsApp